बॉलीवुड की बेहतरीन अदाकारा कोंकणा सेन जमीनी स्तर की कलाकार हैं। अपनी शानदार एक्टिंग की बदौलत कोंकणा दो राष्ट्रीय पुरस्कार भी अपने नाम कर चुकी हैं। कोंकणा एक फिल्म परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनकी मां अपर्णा सेन अपने दौर की शानदार अभिनेत्री रही हैं। कोंकणा का जन्म 3 दिसंबर 1979 को हुआ था।
फिल्मी परिवार से होने की चलते कोंकणा सेन ने बचपन में ही फिल्मों में काम करना शुरू कर दिया था। साल 1983 में रिलीज हुई फिल्म इंदिरा में उन्होंने बाल कलाकार के तौर पर काम किया था। जब वे बड़ी हुईं तो उन्होंने एक बंगाली फिल्म में मुख्य भूमिका निभाई। हालांकि सही मायने में उन्हें पहचान अंग्रेजी फिल्म Mr. and Mrs. Iyer से मिली, जिसमें उनके काम को बहुत सराहा गया साथ ही उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला।
साल 2005 में कोंकणा ने मधुर भंडारकर की फिल्म 'पेज 3' में एक पत्रकार का किरदार निभाया था और इस फिल्म को नेशनल अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया था। कोंकणा की निजी जिंदगी के बारे में बात करें तो सितंबर 2010 को उन्होंने अपने ब्वॉयफ्रेंड रणवीर शौरी से एक प्राइवेट सेरेमनी में शादी की थी। शादी के कुछ समय बाद दोनों के माता-पिता बनने की खबर आई थी।
15 मार्च, 2011 को कोंकणा ने बेटे को जन्म दिया जबकि उनकी शादी 3 सितंबर 2010 में हुई थी। शादी के छह महीने बाद ही बच्चे के जन्म से ये साफ हो गया था कि कोंकणा शादी से पहले ही प्रेग्नेंट हो गई थीं।
हालांकि रणवीर के साथ उनके रिश्ते ज्यादा दिनों तक नहीं चल सके और इसके बाद 2015 में दोनों अलग रहने लगे। 13 अगस्त 2020 को कोंकणा और रणवीर का तलाक हो गया। अब कोंकणा अपने बच्चे के साथ रहती हैं।